News Expert - Sushil Sharma
मेरठ - उत्तर प्रदेश सरकार की जनसुनवाई समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) में मेरठ रेंज पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और जवाबदेही का लोहा मनवाया है। माह सितंबर 2025 की मूल्यांकन रिपोर्ट में मेरठ परिक्षेत्र ने पूरे प्रदेश में लगातार सातवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा स्थापित IGRS पोर्टल जनता की शिकायतों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए बनाया गया एक प्रमुख मंच है। इस मंच पर शिकायतों के त्वरित निस्तारण में मेरठ रेंज लगातार अव्वल बना हुआ है।
पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र श्री कलानिधि नैथानी ने बताया कि सितंबर माह के दौरान IGRS, जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण शासन की मंशानुरूप समयसीमा के अंदर किया गया। शिकायतों की जांच में पारदर्शिता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई, जिसके परिणामस्वरूप मेरठ रेंज ने प्रदेश के सभी परिक्षेत्रों में एक बार फिर पहला स्थान प्राप्त किया।
डीआईजी नैथानी ने बताया कि यह सफलता केवल संख्यात्मक उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पुलिस की संवेदनशीलता और जनता के प्रति जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न होकर, गुणवत्ता और जनसंतोष पर आधारित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण से जनता का पुलिस पर भरोसा बढ़ा है। अब लोग अपनी समस्याओं को निडर होकर पोर्टल पर दर्ज करा रहे हैं और पुलिस भी उसी गंभीरता से उनका समाधान कर रही है।
डीआईजी नैथानी ने अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश
➡️ प्रत्येक शिकायत की जांच संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर करें, केवल फोन या कार्यालय से रिपोर्ट न भेजें।
➡️ थाना प्रभारी प्रत्येक प्रकरण में फीडबैक लेकर ही जांच आख्या पोर्टल पर अपलोड करें।
➡️ थानों में IGRS और फीडबैक रजिस्टर को हमेशा अद्यावधिक रखा जाए।
➡️ नोडल अधिकारी हर 15 दिन में समीक्षा कर शिकायतों की प्रगति का आकलन करें।
➡️ जांच रिपोर्ट में घटनास्थल का लैटिट्यूड और लॉन्गिट्यूड (LAT-LONG) अवश्य अंकित किया जाए, ताकि रिपोर्ट में पारदर्शिता बनी रहे।
डीआईजी नैथानी ने कहा कि शासन की मंशा है कि हर नागरिक की शिकायत का समाधान समयबद्ध, विधिक और निष्पक्ष तरीके से हो। उन्होंने कहा “जनता को त्वरित न्याय मिले, यही हमारी प्राथमिकता है। जब शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होता है, तो जनता का विश्वास मजबूत होता है और पुलिस के खिलाफ आने वाली शिकायतों में भी स्वाभाविक रूप से कमी आती है।” मेरठ रेंज की यह उपलब्धि न केवल पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रमाण है, बल्कि यह इस बात का भी संकेत है कि यदि निष्ठा और ईमानदारी से काम किया जाए, तो हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से अब आम नागरिक बिना थाने के चक्कर लगाए अपनी शिकायत सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। मेरठ रेंज पुलिस की तत्परता और पारदर्शी जांच के चलते क्षेत्र में जनसंतोष का स्तर भी बढ़ा है। लगातार सातवीं बार शीर्ष स्थान प्राप्त करने पर मेरठ रेंज के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है। डीआईजी नैथानी ने सभी पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरी टीम की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण का नतीजा है।















Post a Comment