Top News

दर्दनाक सड़क हादसा : तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, चालक फरार


News Expert - Sushil Sharma 

गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़) - जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि टक्कर लगते ही युवक ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हादसा पलवाड़ा रोड पर ग्राम बलवापुर के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक सवार युवक पलवाड़ा की ओर से आ रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया।

सूचना मिलते ही ब्रजघाट चौकी प्रभारी इंद्रकांत यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से शव को ट्रक के नीचे से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की सूचना पर क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गगन त्यागी पुत्र नरेश त्यागी, निवासी ग्राम भगवानपुर, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गगन किसी कार्य से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जा रहा था।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने ट्रक और उसके कंडक्टर को कब्जे में ले लिया है। वाहन को सीज़ कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। ब्रजघाट चौकी प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि “हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।”

ग्रामीणों ने बताया कि पलवाड़ा रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर गति नियंत्रक और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों को जैसे ही गगन की मौत की खबर मिली, घर में चीख-पुकार मच गई।











Post a Comment

Previous Post Next Post