Top News

"वॉक फॉर एम्पावरमेंट" में गूंजा संदेश — नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संकल्प


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर हापुड़ पुलिस ने एक अनूठी पहल की। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह के नेतृत्व में थाना हापुड़ नगर क्षेत्र के रामलीला मैदान में "वॉक फॉर एम्पावरमेंट" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों, स्कूली छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भाग लिया। सभी ने एक स्वर में यह संदेश दिया कि “सशक्त नारी, सुरक्षित समाज की पहचान है।”

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें उनके कानूनी अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बालिका को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और किसी भी असुरक्षा की स्थिति में तत्परता से पुलिस की मदद लेनी चाहिए। उन्होंने वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा यूपी-112, बाल हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम पोर्टल जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनके महत्व को समझाया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य सिर्फ महिलाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उन्हें समाज में सम्मान और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। एक सशक्त महिला न सिर्फ अपने परिवार की ताकत होती है, बल्कि वह पूरे समाज की दिशा तय करती है।”

उन्होंने यह भी कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ-साथ आत्मरक्षा का प्रशिक्षण लेना चाहिए ताकि वे किसी भी परिस्थिति में स्वयं को सुरक्षित रख सकें। कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने नारे लगाकर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया। बालिकाओं ने “मैं भी सुरक्षित, मेरा समाज भी सुरक्षित” जैसे स्लोगन के साथ वॉक फॉर एम्पावरमेंट में भाग लिया। इस दौरान महिलाओं ने गुलाबी बैनर और स्लोगन पोस्टर लेकर मार्च किया, जिससे पूरा वातावरण मिशन शक्ति के रंग में रंग गया।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना प्रभारी हापुड़ नगर, महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, स्कूल प्रबंधन प्रतिनिधि, शिक्षिकाएँ और महिला पुलिसकर्मी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी छात्राओं को यह संकल्प दिलाया कि वे समाज में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति जागरूक रहेंगी तथा जरूरतमंद महिलाओं की मदद के लिए आगे आएंगी।











Post a Comment

Previous Post Next Post