साइबर ठगों ने हैक किया क्रेडिट कार्ड, खाते से उड़ाए 14 लाख रुपये
सुशील शर्मा
हापुड़ - कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित कृष्णा विहार कॉलोनी निवासी मनीष कुमार अग्रवाल साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनके एचडीएफसी बैंक के क्रेडिट कार्ड को हैक कर तीन बार में कुल 14 लाख रुपये निकाल लिए। ठगी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीड़ित मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि 22 मई को उनके क्रेडिट कार्ड से संदिग्ध लेनदेन के SMS मिले, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क किया और खाते व कार्ड को ब्लॉक कराया। लेकिन तब तक उनके खाते से 14 लाख रुपये निकाले जा चुके थे।
साइबर ठगों की बड़ी वारदात, बैंक ने कार्ड व खाता कराया सीज
ठगी की जानकारी मिलते ही मनीष अग्रवाल एचडीएफसी बैंक पहुंचे और अधिकारियों को पूरी घटना की जानकारी दी। बैंक ने तत्परता दिखाते हुए खाता और कार्ड को तुरंत सीज कर दिया, लेकिन तब तक बड़ी रकम निकल चुकी थी।
साइबर थाना ने शुरू की जांच, जल्द गिरफ्तारी का दावा
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Post a Comment