अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश! गिरोह का सरगना समेत तीन गिरफ्तार, लग्जरी कारें और अवैध असलहा बरामद
उत्तराखंड, दिल्ली व बागपत से चोरी की गईं लग्जरी गाड़ियां, अवैध असलहा और उपकरण बरामद
सुशील शर्मा
हापुड़ - जिले की पिलखुवा पुलिस और जनपदीय स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सहित तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की गई तीन लग्जरी कारें, पांच जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट, वाहन चोरी के उपकरण और दो अवैध तमंचे मय कारतूस बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
अजय तोमर पुत्र कंवर पाल, निवासी ग्राम बावली, थाना बड़ौत, जनपद बागपत (गिरोह का सरगना)।
इरफान पुत्र याकूब, निवासी मौहल्ला पूरबा करामत अली, थाना देहली गेट, जनपद मेरठ।
प्रशांत उर्फ गुड्डू पुत्र हरिश चंद्र, निवासी न्यू मार्केट बेगलपुल, थाना सदरबाजार, जनपद मेरठ।
गिरफ्तारी का स्थान व समय:
डूहरी पेट्रोल पंप के पास, दिनांक 22 जून 2025।
बरामदगी का विवरण:
3 लग्जरी गाड़ियां (स्कार्पियो, स्वीफ्ट डिजायर)
5 जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट
वाहन चोरी के उपकरण (एलनकी, नोकदार प्लास, महिंद्रा और सुजुकी की चाबियां)
2 अवैध तमंचे मय 2 जिंदा कारतूस
सरगना अजय तोमर पर दर्ज हैं 25 से अधिक आपराधिक मुकदमे
अजय तोमर के खिलाफ दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ, बागपत, पीलीभीत और गौतमबुद्धनगर में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, वाहन चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट शामिल हैं।
इरफान व प्रशांत भी कई गंभीर मुकदमों में वांछित
इरफान पर सहारनपुर के थाना सिविल लाइन में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में 5,000 रुपये का इनाम घोषित था। वहीं प्रशांत पर भी कई राज्यों में वाहन चोरी के गंभीर मामले दर्ज हैं।
अभियुक्तों का काम करने का तरीका
अभियुक्त विभिन्न राज्यों से लग्जरी कारें चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उन्हें बेचते थे। इनके पास से बरामद कारें उत्तराखंड, दिल्ली व बागपत से चोरी की गई थीं।
पुलिस टीम को मिली सफलता
यह कार्रवाई थाना पिलखुवा प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार के नेतृत्व में स्वॉट टीम प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। टीम में कुल 25 पुलिसकर्मी शामिल थे, जिन्होंने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई कर शातिर गिरोह को धर दबोचा।
एसपी का अपराधियों को सख्त संदेश
एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह की ने कहा कि "जनपद हापुड़ पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियानों का ही परिणाम है कि आज अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। हम साफ कर देना चाहते हैं कि जनपद हापुड़ में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। चाहे अपराधी जितना भी शातिर हो, चाहे कितने भी राज्यों में फरार हो हापुड़ पुलिस उसे खोजकर सलाखों के पीछे पहुंचाएगी। हमारी नीति स्पष्ट है अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस और अपराधियों पर सीधी कार्रवाई। आने वाले समय में और भी कई ऐसे गिरोहों पर शिकंजा कसा जाएगा। जनता को भरोसा दिलाते हैं कि उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम इसके लिए हर संभव कदम उठाएंगे।"

Post a Comment