Top News

जनता की तरह सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, ई-रिक्शा में सवार होकर किया निरीक्षण

जनता की तरह सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, ई-रिक्शा में सवार होकर किया निरीक्षण

सुशील शर्मा 

हापुड़ - प्रशासनिक अमले में गुरुवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जब हापुड़ के जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने जनसहभागिता और सादगी की मिसाल पेश करते हुए अपनी सरकारी गाड़ियों को छोड़ ई-रिक्शा में बैठकर भूतेश्वर मंदिर तक का सफर तय किया।

कांवड़ यात्रा से पहले चल रहे व्यवस्थागत निरीक्षण के क्रम में जब दोनों अधिकारी सिंभावली क्षेत्र स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर मार्ग की जमीनी हकीकत जानने के लिए वही रास्ता चुना जो आम कांवरिया तय करेगा। इस दौरान जैसे ही अधिकारियों ने अपनी गाड़ियों से उतरकर ई-रिक्शा की सवारी की, वहां मौजूद लोगों में आश्चर्य और प्रशंसा का माहौल बन गया।


ई-रिक्शा में सवार होकर मंदिर तक के सफर के दौरान दोनों अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, सफाई, भीड़ नियंत्रण, विद्युत व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया।

मंदिर पहुंचने पर डीएम व एसपी ने मंदिर की एंट्री और एग्जिट पॉइंट, परिसर की साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की आवाजाही की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर के पुजारियों और प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों से बातचीत कर सुझाव भी लिए गए।

डीएम अभिषेक पांडे ने कहा "हम चाहते हैं कि कांवर यात्रा के दौरान हर श्रद्धालु को बेहतरीन अनुभव मिले। हम स्वयं ई-रिक्शा से आकर उन्हीं रास्तों का अनुभव कर रहे हैं जिनसे कांवरिए गुजरेंगे। इससे हमें असल स्थिति समझने में मदद मिलती है।"


एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर CCTV, पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिस और ट्रैफिक डाइवर्जन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।"सुरक्षा, यातायात और शांति व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह तैयार है। हमने मार्ग का निरीक्षण स्वयं किया है ताकि कांवरियों को कहीं कोई असुविधा न हो।"

यह ई-रिक्शा सवारी न केवल व्यवस्था परखने की प्रशासनिक संजीदगी का उदाहरण बनी, बल्कि सरकारी अफसरों की सादगी और जनसरोकार से जुड़ाव की मिसाल भी पेश कर गई।



Post a Comment

Previous Post Next Post