Top News

गंगा दशहरा को लेकर बृजघाट पहुंचे डीएम-एसपी, किया निरीक्षण




गंगा दशहरा को लेकर बृजघाट पहुंचे डीएम-एसपी, किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

गढ़मुक्तेश्वर, आगामी पर्व गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिलाधिकारी अभिषेक पांडे और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सोमवार को बृजघाट क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों, यातायात मार्गों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान घाटों की सफाई, बैरिकेडिंग, जल पुलिस की तैनाती, ट्रैफिक रूट डायवर्जन और आपातकालीन व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।


श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पर्व पर बृजघाट में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पंचायत और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।


पुलिस अधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, जल पुलिस और एनडीआरएफ की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक बदलाव और बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा।


क्षेत्रीय अधिकारियों को किया सतर्क

निरीक्षण के दौरान गढ़मुक्तेश्वर थाना पुलिस, नगर पंचायत अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पर्व के दिन कोई भी अव्यवस्था न हो, इसके लिए पहले से ही पूरी तैयारी सुनिश्चित कर ली जाए।

आमजन से की यह अपील

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों से अपील की है कि वे पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा तय दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी असुविधा या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।  गंगा दशहरा पर लाखों श्रद्धालुओं के बृजघाट पहुंचने की संभावना है, ऐसे में प्रशासनिक तैयारी जोरों पर है।



Post a Comment

Previous Post Next Post