पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी के बाद दंगा नियंत्रण ड्रिल का कराया अभ्यास
सुशील शर्मा
हापुड़ - पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित परेड की सलामी ली। परेड निरीक्षण के उपरांत उन्होंने दंगा नियंत्रण ड्रिल का अभ्यास कराया और कानून व्यवस्था से जुड़े तमाम पहलुओं की गहन समीक्षा की।
सुव्यवस्थित परेड प्रदर्शन, अनुशासन की दी झलक
परेड ग्राउंड में सजे-धजे पुलिसकर्मियों की टुकड़ियों ने कदमताल करते हुए एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह को सलामी दी। इस दौरान परेड की तैयारी, अनुशासन और समन्वय की जमकर सराहना की गई। एसपी ने अधिकारियों और जवानों को कर्तव्यनिष्ठा और तत्परता से कार्य करने के निर्देश भी दिए।
दंगा नियंत्रण ड्रिल का प्रदर्शन, तैयारियों को परखा गया
परेड के बाद दंगा नियंत्रण की मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस कर्मियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ मोर्चा संभालते हुए विभिन्न स्थितियों में अपनी प्रतिक्रिया दिखाई। पुलिस अधीक्षक ने इस अभ्यास को सराहते हुए कहा कि "किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।"
पुलिस लाइन की शाखाओं का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने परेड के बाद पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इनमें मैस, परिवहन शाखा, यातायात कार्यालय, कार्यालय अभिलेखों आदि की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और संसाधनों के कुशल उपयोग को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
प्रशासनिक दक्षता पर विशेष जोर
एसपी ने कहा कि "किसी भी बल की कार्यकुशलता केवल हथियारों या वाहनों से नहीं, बल्कि प्रशासनिक अनुशासन और कार्यप्रणाली की पारदर्शिता से आंकली जाती है। सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें।"

Post a Comment