Top News

डीआईजी मेरठ ने बागपत में पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की, कांवड़ यात्रा और पुलिस भर्ती प्रशिक्षण पर दिए सख्त निर्देश


डीआईजी मेरठ ने बागपत में पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की, कांवड़ यात्रा और पुलिस भर्ती प्रशिक्षण पर दिए सख्त निर्देश

 सुशील शर्मा 


पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र श्री कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को बागपत में कानून-व्यवस्था की समीक्षा, पुलिसकर्मियों की समस्याओं की सुनवाई और आगामी कांवड़ यात्रा व पुलिस प्रशिक्षण की तैयारियों के संबंध में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सूरज राय, अपर पुलिस अधीक्षक श्री नरेंद्र प्रताप सिंह सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी व थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों को मिला भरोसा

सैनिक सम्मेलन में डीआईजी नैथानी ने पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और पारिवारिक समस्याओं को गम्भीरता से सुनते हुए वेतन विसंगति और टीए-डीए भुगतान जैसे विषयों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवासीय सुविधाओं, मैस की सफाई, स्नानागार व शौचालय की स्थिति को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।


थाना परिसरों को जनता के लिए सहज व सुलभ बनाने की दिशा में मुख्य आरक्षी संदीप कुमार को पुरस्कृत किया गया। बीमार पुलिसकर्मियों को प्राथमिकता पर इलाज व संवाद सुनिश्चित करने और थाना प्रबंधन की जिम्मेदारी तय करते हुए एसएचओ से नियमित निरीक्षण की अपेक्षा जताई गई।

अपराध नियंत्रण पर दिया गया विशेष फोकस

अपराध गोष्ठी के दौरान डीआईजी ने कहा कि छह महीने से अधिक लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित अपराधियों पर इनाम घोषित कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। उन्होंने एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के अंतर्गत सख्त निरोधात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।


गन कल्चर पर रोक लगाते हुए वायरल हो रहे हथियारों से संबंधित फोटो/वीडियो पर त्वरित एफआईआर की बात कही। महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराधों में गंभीर कार्रवाई और गुमशुदा/अपहृत मामलों में टीमें गठित कर शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा

डीआईजी नैथानी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। सभी थाना प्रभारियों को कांवड़ मार्ग, संपर्क मार्ग और डायवर्जन रूट का स्वयं निरीक्षण करने को कहा गया। उन्होंने बिजली, सड़क और सफाई जैसी व्यवस्थाओं में पाई गई कमियों को संबंधित विभाग से समन्वय कर दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।


डीजे संचालकों से संवाद कर ध्वनि, ऊंचाई व चौड़ाई के मानक तय करने, संचार व्यवस्था सुदृढ़ करने, और मिश्रित आबादी क्षेत्रों व धार्मिक स्थलों का चिन्हांकन करने को कहा गया। कांवड़ रजिस्टर तैयार कर पूरी जानकारी दर्ज करने और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस भर्ती प्रशिक्षण (JTC/RTC) को लेकर भी दिए सख्त निर्देश

नव नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों के जे0टी0सी0/आर0टी0सी0 प्रशिक्षण की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने बैरक, मैस, शौचालय और स्नानागार की व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन और जनकल्याण की भावना का विकास अनिवार्य है। निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार समय से प्रशिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की भी बात कही।


यह उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बागपत जिले में कानून-व्यवस्था, जन कल्याण और पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। आगामी कांवड़ यात्रा और पुलिस भर्ती जैसी बड़ी चुनौतियों को देखते हुए डीआईजी द्वारा दिए गए निर्देश अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।


Post a Comment

Previous Post Next Post