Top News

हापुड़ पहुंचे सम्राट अजूबा, जादू के माध्यम से देंगे समाज को जागरूकता का संदेश

हापुड़ पहुंचे सम्राट अजूबा, जादू के माध्यम से देंगे समाज को जागरूकता का संदेश

सम्राट अजूबा जादू शो 5 जून से उर्मिला सेलिब्रेशन में होगा आरम्भ 

हापुड़ - जादू की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुके सम्राट अजूबा मंगलवार को हापुड़ पहुंचे। उनके साथ 40 सदस्यीय टीम और चार ट्रकों में लदा भारी-भरकम सामान भी था। शहर में रंगारंग कार्यक्रम की तैयारियों ने लोगों में उत्सुकता और रोमांच बढ़ा दिया है। यह शो न केवल स्वच्छ पारिवारिक मनोरंजन का माध्यम होगा, बल्कि समाज को जागरूक करने का भी प्रयास है।

सम्राट अजूबा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि जादू केवल भ्रम या धन कमाने का साधन नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से मैं समाज को अंधविश्वास के जाल से निकालने का काम कर रहा हूं। आज के दौर में कई लोग तांत्रिक और बाबाओं के नाम पर भोली-भाली जनता को ठगते हैं, ऐसे में मेरा शो लोगों को सही दिशा दिखाने की कोशिश है।

हर जादू में छुपा है एक संदेश

सम्राट अजूबा का शो केवल चमत्कारी करतब नहीं है, बल्कि उनमें सामाजिक सरोकार भी जुड़े हैं। उनके अनुसार,

“मेरे प्रत्येक जादू आइटम के पीछे एक मजबूत सामाजिक संदेश होता है — जैसे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, कन्या भ्रूण हत्या एक महापाप है, नशा मुक्त समाज बनाना हमारी जिम्मेदारी है।”

रहेगा हैरतअंगेज जादू का तड़का

अपने दो घंटे के शो में सम्राट अजूबा कांच के बक्से में पानी के अंदर जीवित रहने का करतब, आरा मशीन से लड़की के शरीर को दो भागों में काटना, खाली हाथों से नोटों की बरसात जैसे हैरतअंगेज आइटम प्रस्तुत करेंगे।

अजूबा ने यह भी अपील की कि,

“भारत सरकार को जादू को राष्ट्रीय कला घोषित कर संरक्षित करना चाहिए और इसे ललित कला की श्रेणी में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि यह पीढ़ियों तक जीवित रह सके।”

हापुड़वासियों के लिए यादगार होगा यह शो

शहर में यह पहला मौका है जब सम्राट अजूबा जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के जादूगर अपने पूरे काफिले के साथ पहुंचे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में उनके शो को लेकर उत्साह है।

हापुड़वासियों के लिए यह सिर्फ जादू का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक ऐसा प्रयास है जिसमें मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक चेतना और सकारात्मक बदलाव का संदेश छुपा हुआ है।
सम्राट अजूबा का यह शो निश्चित ही लोगों के दिलों में अपनी छाप छोड़ जाएगा।






Post a Comment

Previous Post Next Post