Top News

हापुड़ में गंदगी देख भड़कीं एसडीएम इला प्रकाश, दो दिन में नालों की सफाई के दिए निर्देश

हापुड़ में गंदगी देख भड़कीं एसडीएम इला प्रकाश, दो दिन में नालों की सफाई के दिए निर्देश

सुशील शर्मा 

हापुड़। नगर में सफाई व्यवस्था की दुर्दशा देख उपजिलाधिकारी (एसडीएम) इला प्रकाश का पारा चढ़ गया। मंगलवार को नगर क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंची एसडीएम ने जगह-जगह फैली गंदगी, बजबजाते नालों और कूड़े के ढेर देख कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि दो दिनों के भीतर प्रमुख नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए, अन्यथा कार्रवाई तय मानी जाए।


सड़कों पर कीचड़ और नालों में अटकी गंदगी
निरीक्षण के दौरान एसडीएम इला प्रकाश जब शहर के मुख्य मार्गों, मुख्य बाजारों गोल मार्किट,रेलवे रोड क्षेत्र में पहुंचीं, तो जगह-जगह सड़कों पर कीचड़ और नालों में अटकी गंदगी को देख नाराज हो गईं। उन्होंने मौके पर ही संबंधित सफाई निरीक्षक और अभियंता को फोन पर तलब कर जवाब-तलब किया।

नगर पालिका को दी अंतिम चेतावनी

एसडीएम ने कहा कि बारिश से पहले नालों की सफाई न कर पाना पालिका की गंभीर लापरवाही है। यदि दो दिन में सफाई कार्य पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगरवासी गंदगी और जलभराव से परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ फाइलों में कार्रवाई दिखा रहे हैं।


जलजमाव से संक्रमण का खतरा

एसडीएम ने यह भी चेताया कि गंदगी और जलजमाव से मच्छरों का प्रकोप और संक्रमण रोगों का खतरा बढ़ रहा है। समय रहते सफाई अभियान नहीं चलाया गया, तो स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से बड़े स्तर पर अभियान चलाकर जिम्मेदारों के खिलाफ जुर्माना व वसूली की जाएगी।

जल्द चलेगा विशेष सफाई अभियान

पालिका प्रशासन ने एसडीएम के निर्देश के बाद विशेष सफाई अभियान शुरू करने की बात कही है। अधिशासी अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई युद्धस्तर पर करवाई जाएगी और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाएगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post