सीसीटीएनएस रैंकिंग: डीआईजी कलानिधि नैथानी के मार्गदर्शन में हापुड़ तीसरे, बुलंदशहर नौवें स्थान पर चमके!
सुशील शर्मा
मेरठ - उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय लखनऊ द्वारा जारी मई-2025 की सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) रैंकिंग में मेरठ परिक्षेत्र के दो जनपदों — हापुड़ और बुलन्दशहर — ने प्रदेशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-10 में स्थान प्राप्त किया है। जनपद हापुड़ ने तीसरा स्थान हासिल किया है जबकि बुलन्दशहर को नवां स्थान मिला है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक, मेरठ परिक्षेत्र, श्री कलानिधि नैथानी ने बताया कि सीसीटीएनएस रैंकिंग मुख्यालय पुलिस तकनीकी सेवाएं, लखनऊ द्वारा जारी की जाती है, जिसके लिए कुल 16 तकनीकी व प्रशासनिक मानकों (पैरामीटर्स) को आधार बनाया गया है। इनमें डेटा सिंक्रोनाइजेशन, अपराध विश्लेषण पोर्टल, शिकायत निस्तारण, गिरफ्तारी एवं गुमशुदगी की फीडिंग प्रमुख हैं।
डीआईजी ने बताया कि बीते माह परिक्षेत्र के सभी जनपदों की सीसीटीएनएस प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम इस रैंकिंग में स्पष्ट दिखाई दिए हैं। हापुड़ और बुलन्दशहर पुलिस टीमों ने इन निर्देशों पर गंभीरता से अमल करते हुए उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।
जनपद मेरठ का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है, जबकि जनपद बागपत को एक पैरामीटर पर फीडिंग शत-प्रतिशत न कर पाने के चलते अपेक्षाकृत कम अंक प्राप्त हुए हैं, जिससे रैंक में गिरावट दर्ज की गई है। इस पर डीआईजी नैथानी ने संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए हैं।
डीआईजी ने जनपद हापुड़ के पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर ज्ञानंजय सिंह तथा बुलन्दशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की सराहना करते हुए दोनों जनपदों की पुलिस टीमों को बधाई दी। साथ ही परिक्षेत्र के चारों जनपदों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी सीसीटीएनएस के निर्धारित मानकों पर पूर्ण मनोयोग से कार्य करते हुए प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित करें।

Post a Comment