Top News

हापुड़ से विश्व कीर्तिमान की ओर कदम, JMS संस्थान में हजारों लोगों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार

हापुड़ से विश्व कीर्तिमान की ओर कदम, JMS संस्थान में हजारों लोगों ने किया सामूहिक सूर्य नमस्कार

सुशील शर्मा 

हापुड़ - अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शुक्रवार को हापुड़ स्थित जय माँ सावित्री ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स में हजारों लोगों की सहभागिता के साथ सामूहिक सूर्य नमस्कार एवं योग मुद्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन विश्व कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।


इस कार्यक्रम का आयोजन महामहिम राज्यपाल महोदय की प्रेरणा और आदेशों के अनुपालन में तथा चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ की कुलपति प्रो. (डॉ.) संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया। संस्थान के सचिव डॉ. रोहन सिंघल, प्रबंध निदेशक डॉ. आयुष सिंघल और महानिदेशक प्रो. (डॉ.) सुभाष गौतम की अगुवाई में यह आयोजन एक बड़े रूप में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम संयोजक प्रो. आशीष त्यागी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य योग को जनमानस तक पहुंचाकर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि सूर्य नमस्कार न केवल शारीरिक लचीलापन और ऊर्जा देता है, बल्कि मानसिक स्पष्टता और तनाव प्रबंधन में भी सहायक होता है।


इस ऐतिहासिक आयोजन में हापुड़ जनपद के विभिन्न विद्यालयों, कॉलेजों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सहभागिता निभाई। सभी प्रतिभागियों ने एक साथ निर्धारित समय पर सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राओं का अभ्यास कर एकजुटता का परिचय दिया।

आयोजन स्थल पर चिकित्सा सहायता, जलपान, एवं सुरक्षा की पूरी व्यवस्था JMS प्रबंधन द्वारा सुनिश्चित की गई थी। कार्यक्रम की तैयारी बीते कई सप्ताहों से की जा रही थी, जिसमें बड़े पैमाने पर जनजागरूकता अभियान चलाया गया।


संस्थान ने इस आयोजन को योग परंपरा के प्रचार-प्रसार का एक सशक्त माध्यम बताते हुए कहा कि यह कार्यक्रम हापुड़ को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में मददगार साबित होगा। साथ ही आने वाली पीढ़ियों को भी योग की महत्ता को समझने और अपनाने की प्रेरणा देगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post