गोदाम मालिक पर ड्राइवर-कंडक्टर से मारपीट का आरोप, रातभर पुलिस से लगाते रहे इंसाफ की गुहार
68 चावल के कट्टे कम बताकर किया भुगतान से इनकार, भीमनगर चौकी पहुंचे पीड़ित
सुशील शर्मा
हापुड़ - जनपद हापुड़ में सोमवार देर रात एक ट्रक ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट व बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने हापुड़ के एक गोदाम मालिक पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने बिना सूचना के ट्रक से चावल उतरवा लिया और बाद में 68 कट्टे कम बताकर भाड़ा देने से इनकार कर दिया। जब विरोध किया गया तो मारपीट कर एक कमरे में बंद कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन गोदाम मालिक ने रात में आने से इनकार कर दिया और सारा मामला सुबह देखने की बात कहकर टालता रहा। थक-हारकर ड्राइवर-कंडक्टर भीमनगर पुलिस चौकी पहुंचे और गोदाम मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
खाने पर गए ड्राइवर-कंडक्टर, पीठ पीछे गोदाम मालिक ने उतरवाए चावल
ड्राइवर ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह हरियाणा से करीब एक हजार चावल के कट्टे लेकर सोमवार को हापुड़ के एक गोदाम में पहुंचा था। गोदाम मालिक ने शुरुआत में यह कहकर समय बिताया कि लेबर नहीं है। जैसे ही ड्राइवर और कंडक्टर पास की होटल में खाना खाने गए, गोदाम मालिक के पिता ने चुपचाप ट्रक अनलोड कराना शुरू कर दिया। खाने के बाद जब दोनों वापस लौटे, तो देखा कि ट्रक से कट्टे उतारे जा रहे हैं। उन्होंने इसका विरोध किया और बिना अनुमति कट्टे उतारने का कारण पूछा। गोदाम मालिक ने सफाई दी कि लेबर आ गई थी और अगर अब नहीं उतरवाते तो लेबर चली जाती।
68 कट्टे कम बताकर किया मारपीट, बंद किया कमरे में
ट्रक पूरी तरह अनलोड होने के बाद गोदाम मालिक ने 68 कट्टे कम बता दिए। इस पर ड्राइवर और कंडक्टर ने विरोध जताया और कहा कि जब तक हम मौजूद नहीं थे, कट्टे कैसे कम हो सकते हैं। आरोप है कि इसी बात पर गोदाम मालिक और उसके पिता ने दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।
गाड़ी मालिक के जानकार ने गिने कट्टे, निकले सिर्फ 3 कम
ड्राइवर ने किसी तरह गाड़ी मालिक से संपर्क किया। मालिक ने हापुड़ में अपने जानकारों को भेजा। उन्होंने मौके पर पहुंचकर कट्टों की गिनती कराई तो पता चला कि सिर्फ 3 कट्टे कम हैं, न कि 68। इसके बावजूद गोदाम मालिक ने गेट बंद कर दिया और भाड़ा देने से मना कर मौके से चला गया।
रातभर लगाते रहे इंसाफ की गुहार, गोदाम मालिक टस से मस नहीं
मामले की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोदाम मालिक से फोन पर बात की। लेकिन उसने रात में आने से इनकार कर दिया और कहा कि सुबह ही कोई बात होगी।
इसके बाद पीड़ित ड्राइवर और कंडक्टर भीमनगर पुलिस चौकी पहुंचे और वहां तहरीर दी। चौकी प्रभारी ने भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन गोदाम मालिक एक ही बात पर अड़ा रहा कि वह सुबह ही बात करेगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी से हापुड़ देहात थाना प्रभारी को सूचना दी गई। फिर थाना स्तर से भी एक एसआई को भेजा गया, जिन्होंने गोदाम मालिक से बात की और सुझाव दिया कि 3 कट्टे के पैसे काटकर बाकी भाड़ा दे दिया जाए, मगर गोदाम मालिक नहीं माना।
पीड़ितों ने की कार्यवाही की मांग
थक-हारकर पीड़ित ड्राइवर-कंडक्टर पुलिस से यही मांग करते रहे कि उनके साथ की गई मारपीट और गाली-गलौज को लेकर गोदाम मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

Post a Comment