भाकियू लोकहित अराजनैतिक ने गन्ना भुगतान समेत कई मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
हापुड़ - किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (लोकहित- अराजनैतिक) ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। बुधवार को संगठन के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रह्लाद सिंह पुनिया के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने गन्ना मूल्य भुगतान में हो रही देरी, गन्ने के रेट में वर्षों से न की गई वृद्धि, और प्रशासनिक उपेक्षा जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
प्रह्लाद सिंह पुनिया ने कहा,
“किसान गन्ने के भुगतान को लेकर सालों से संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन शासन-प्रशासन की चुप्पी उनकी मंशा पर सवाल खड़े करती है। चार वर्षों से गन्ने का रेट नहीं बढ़ाया गया है।”
किसानों की प्रमुख मांगें🔸 गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान
🔸 गन्ने के समर्थन मूल्य में तत्काल बढ़ोतरी
🔸 किसान विरोधी नीतियों पर रोक
🔸 लंबित समस्याओं के समाधान की ठोस कार्ययोजनाप्रह्लाद सिंह पुनिया ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र जानबूझकर किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। “किसानों को सड़क पर उतरकर बार-बार गुहार लगानी पड़ रही है, लेकिन उनके हिस्से में केवल आश्वासन ही आता है,” उन्होंने कहा।
प्रशासन ने दिया समाधान का आश्वासन
प्रदर्शन के उपरांत एसडीएम हापुड़ ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए किसानों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को निर्देशित किया जाएगा कि गन्ना भुगतान एवं मूल्य वृद्धि जैसे मामलों में शीघ्र कार्रवाई हो।

Post a Comment