Top News

रंजिश में जलाई गई महिला की इलाज के दौरान मौत, शव पहुंचते ही परिजनों का हंगामा, पुलिस ने कराया शांत

रंजिश में जलाई गई महिला की इलाज के दौरान मौत, शव पहुंचते ही परिजनों का हंगामा, पुलिस ने कराया शांत

सुशील शर्मा 

हापुड़ - थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला शिव नगर में बीते 16 जून की रात रंजिश के चलते आग में झुलसी महिला की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के शव के हापुड़ पहुंचते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग मृतिका के शव को ले जाने के लिए आमने-सामने आ गए और आपस में झड़प हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल हालात को संभाला और परिजनों को शांत कराया।

छत के रास्ते घर में घुसे आरोपित, पेट्रोल डालकर लगाई आग

पीड़िता सलोनी के ससुर फूल सिंह द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, 16 जून की रात सलोनी लघुशंका के लिए उठी थी। तभी मोहल्ले के ही मुकेश, गंगाराम, भोपाल, श्रीपाल और मुकेश के साले पहले से छत पर घात लगाए बैठे थे। उन्होंने सलोनी पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।


चीख-पुकार सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर सलोनी को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। पहले उसे नगर के एक अस्पताल में भर्ती किया गया, फिर मेरठ होते हुए दिल्ली के अस्पताल में रेफर किया गया था।

 इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिजनों में आक्रोश

लगभग एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद सलोनी ने रविवार को दिल्ली में दम तोड़ दिया। जब शव हापुड़ लाया गया तो मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस से झड़प हो गई। परिजन सड़क पर जाम लगाने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते मामला संभाल लिया।


एक आरोपी पहले ही गिरफ्तार, चार अभी भी फरार

पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया था। इनमें से एक आरोपी को घटना के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि शेष चार आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।

पुलिस बल तैनात, माहौल शांत

घटना को देखते हुए थाना हापुड़ देहात, थाना नगर और महिला थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और संवेदनशीलता के मद्देनज़र क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल माहौल शांत है, लेकिन पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे मामले की तहकीकात में जुटी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post