नशा समाज का शत्रु है, पुलिस बनेगी जागरूकता की अग्रिम पंक्ति - एसपी
सुशील शर्मा
हापुड़ - “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” के तहत जनपद हापुड़ में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अगुवाई में शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य था— नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ जन-जागरूकता और संकल्प।
इस अवसर पर एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने नशीले पदार्थों के समाज पर पड़ने वाले विनाशकारी प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला और कहा"नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र को खोखला करता है। हमें नशे के खिलाफ सामाजिक युद्ध छेड़ना होगा, जिसमें पुलिस सिर्फ कानून लागू करने वाली एजेंसी नहीं, बल्कि जागरूकता की अग्रिम पंक्ति में खड़ी शक्ति बनकर उभरेगी।"
🔹 एसपी ने दिलाई शपथ, गूंजा 'नशा मुक्त भारत' का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान एसपी सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि एक पुलिसकर्मी को न केवल खुद संयमित और नशामुक्त रहना चाहिए, बल्कि अपने आस-पास के समाज को भी इस दिशा में प्रेरित करना चाहिए।
शपथ में कहा गया "हम नशीले पदार्थों का न सेवन करेंगे, न किसी को करने देंगे। हम समाज को नशा मुक्त बनाने में पूरी निष्ठा से योगदान देंगे।"
🔹 सख्ती और संवेदनशीलता दोनों से चलेगा अभियान
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद में नशे के अवैध व्यापार, तस्करी और सेवन से जुड़े मामलों में बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही स्कूल, कॉलेज और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जागरूकता शिविरों के आयोजन की योजना पर भी जोर दिया गया।

Post a Comment