परिक्षेत्र में ऑपरेशन शस्त्र व ऑपरेशन कन्विक्शन की गूंज, शातिर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा
अवैध हथियार, ठगी, गोकशी, दुष्कर्म समेत विभिन्न मामलों में 15 से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी, कई पुलिस मुठभेड़ों में अपराधी घायल
सुशील शर्मा
हापुड़/बुलंदशहर/मेरठ/बागपत
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में चलाए जा रहे "ऑपरेशन शस्त्र" और "ऑपरेशन कन्विक्शन" के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अलग-अलग मामलों में शातिर अपराधियों को पकड़ने के साथ-साथ अवैध असलहों की बरामदगी, ठगी के बड़े मामलों का पर्दाफाश और कई बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।
मेरठ में पुलिस मुठभेड़, गोली लगने से बदमाश घायल
मेरठ जिले के रोहटा थाना क्षेत्र में एक शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, उक्त बदमाश ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर एक व्यक्ति को घायल किया था। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। मौके से तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस बरामद हुआ।
बागपत में अवैध असलहा और जिलाबदर अपराधी धरा गया
थाना छपरौली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शख्स को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया। वहीं थाना बड़ौत पुलिस ने एक जिलाबदर अपराधी को धर दबोचा।
बुलंदशहर में एक के बाद एक खुलासे
बुलंदशहर जिले की पुलिस ने इस सप्ताह कई उल्लेखनीय कार्रवाइयां कीं:
🔸 खुर्जा देहात पुलिस और स्वाट टीम की गोकशों से मुठभेड़ हुई, जिसमें एक बदमाश घायल होकर गिरफ्तार किया गया। मौके से अवैध असलहा, एक जीवित गोवंश और गोकशी उपकरण बरामद हुए।
🔸 सिकन्द्राबाद पुलिस ने शातिर वाहन चोर को दबोचा और चोरी की बाइक बरामद की।
🔸 लूट/चोरी की योजना बना रहे दो अन्तर्राज्यीय अपराधी भी पकड़े गए। इनके पास से चोरी की स्कूटी, नकदी, जेवर, अवैध असलहा और चोरी के उपकरण मिले।
🔸 जनपदीय पुलिस ने मई माह में 52 अपराधियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की।
🔸 ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी करते हुए एक गैंगस्टर अपराधी को दो वर्ष की सजा और ₹5000 जुर्माने की सजा दिलाई गई।
🔸 साइबर सेल व साइबर क्राइम पुलिस ने 03 फर्जी कंपनियां बनाकर ₹1.29 करोड़ की ठगी करने वाले अपराधी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से सिम कार्ड, मोबाइल, लैपटॉप, चेकबुक, कोरियर बुक आदि बरामद हुए।
हापुड़ में दुष्कर्म का आरोपी दबोचा
थाना हापुड़ देहात पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस परिक्षेत्र में सख्ती का दौर
डीआईजी परिक्षेत्र मेरठ के निर्देशन में चलाए जा रहे इन अभियानों के तहत अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। हर जनपद में पुलिस टीमें पूरी सक्रियता से ऑपरेशन में लगी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि अपराध नियंत्रण में इस तरह की सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेंगी।

Post a Comment