डीआईजी की सक्रियता से अपराधियों पर कसा शिकंजा, पेट्रोल पंपों की सुरक्षा को लेकर जारी हुए सख्त निर्देश
अब नहीं चलेगी दबंगई, हर थाने को दी गई जिम्मेदारी पेट्रोल पंपों की सुरक्षा को लेकर जारी किए गए कड़े निर्देश
अब अपराधियों की नहीं चलेगी दबंगई, हर थाने को बनाई गई विशेष कार्ययोजना
सुशील शर्मा
हापुड़ - पुलिस प्रशासन अब पेट्रोल पंपों पर अपराधियों की दबंगई कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। डीआईजी की सक्रियता और संवेदनशील कार्यशैली का ही नतीजा है कि हालिया दिनों में पेट्रोल पंपों पर हुई लूट, धमकी, मारपीट व अभद्रता की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
डीआईजी ने साफ किया है कि अब पेट्रोल पंपों पर गाली-गलौच, रंगबाजी या बिना भुगतान के तेल लेने जैसी घटनाओं पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों में एफआईआर दर्ज कर दोषियों पर गुंडा एक्ट, गैंगस्टर और जिला बदर जैसी कठोर धाराएं भी लगाई जाएं।
सीसीटीवी से निगरानी और पुलिस गश्त होगी तेज
डीआईजी ने सभी पेट्रोल पंपों पर सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रखने की अनिवार्यता तय की है। साथ ही बीट कांस्टेबल व फैंटम/चीता मोबाइल को निर्देशित किया गया है कि वे रोजाना अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भ्रमण करें। इसके अलावा सभी पेट्रोल पंपों को पीआरवी रूट चार्ट में शामिल करने के आदेश दिए गए हैं।
पूर्व घटनाओं की समीक्षा और कार्ययोजना तैयार
डीआईजी ने यह भी आदेश दिया कि विगत वर्षों में पेट्रोल पंपों पर हुई लूट, चोरी या अभद्रता की घटनाओं को सूचीबद्ध किया जाए, और उन्हें दोबारा न दोहराने के लिए प्रत्येक थाने पर कार्ययोजना बनाई जाए। क्षेत्राधिकारियों से भी अपने सर्किल के पेट्रोल पंपों की सुरक्षा की समीक्षा कर व्यवस्थित कार्य योजना लागू करने को कहा गया है।
डीआईजी की कार्यशैली बनी सराहना का केंद्र
डीआईजी की तत्परता और जमीनी हकीकत को समझने वाली कार्यशैली की हर ओर प्रशंसा हो रही है। पुलिस महकमे में उनकी कड़क अनुशासनप्रियता और संवेदनशील सोच के चलते अब आमजन व व्यवसायियों में सुरक्षा का विश्वास और भी मजबूत हुआ है।
डीआईजी का कहना है कि "पेट्रोल पंप कर्मी हमारी जिम्मेदारी हैं। किसी भी तरह की गुंडई या धमकी को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी।"
प्रशासन की यह पहल बनी जनचर्चा का विषय
डीआईजी द्वारा दिए गए निर्देशों के बाद पुलिस महकमे में तेजी आई है। हर थाने में पेट्रोल पंपों की सुरक्षा को लेकर विशेष बैठकें हो रही हैं। पेट्रोल पंप संचालकों व कर्मचारियों ने भी इस फैसले पर संतोष जताते हुए कहा कि अब उन्हें कानून और पुलिस पर पहले से कहीं ज्यादा भरोसा है।

Post a Comment