शिलान्यास के बाद भी अधूरी पड़ी सड़क, घटिया निर्माण पर मोती कॉलोनी वासियों का फूटा गुस्सा
ठेकेदार पर घटिया सामग्री लगाने और आधा निर्माण करने का आरोप, डीएम से शिकायत की चेतावनी
सुशील शर्मा
हापुड़ - शहर के वार्ड नंबर 26 मोती कॉलोनी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा, सांसद अरुण गोविल, विधायक विजयपाल आढ़ती और पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी द्वारा जुलाई 2024 में नाली व इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास तो कर दिया गया, लेकिन अब तक स्थानीय लोग मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं।
शुक्रवार को कॉलोनीवासियों ने निर्माण कार्य की धीमी गति और घटिया गुणवत्ता के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि शिलान्यास के महीनों बाद शुरू हुआ काम अभी तक अधूरा है और जो सड़क बनी है, वो सिर्फ दो महीने में ही धंस गई है।
🔹 ठेकेदार पर लगाए गंभीर आरोप
कॉलोनी के निवासियों ने कहा कि पहली गली की इंटरलॉकिंग सड़क में गुणवत्ता से समझौता करते हुए घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया। सड़क पर धंसाव और दरारें इसकी गवाही दे रही हैं। अब जब दूसरी गली में निर्माण शुरू किया गया, तो सिर्फ मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है और ठेकेदार सरकार द्वारा स्वीकृत पूरी सड़क के बजाय केवल आधा हिस्सा बनाने की बात कर रहा है।
🔹 "टेंडर के मुताबिक काम करो, वरना डीएम से करेंगे शिकायत"
आक्रोशित नागरिकों ने ठेकेदार को चेतावनी दी कि यदि कार्य निर्धारित टेंडर शर्तों के अनुसार पूरा नहीं किया गया, तो वे जिलाधिकारी से शिकायत दर्ज कराएंगे। लोगों ने कहा कि विकास कार्य केवल शिलान्यास तक सीमित न रह जाएं, भविष्य में जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
📌 वार्ड नंबर 26 के मोती कॉलोनी निवासी अब प्रशासन की ओर उम्मीद से देख रहे हैं कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और ठेकेदार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment