हापुड़ कांग्रेस संगठन में नंबर 1, जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी को राष्ट्रीय महासचिव ने सराहा
मेरठ में कांग्रेस की जोनल समीक्षा बैठक, 14 जनपदों में हापुड़ को मिला सर्वश्रेष्ठ संगठनात्मक अनुशासन का सम्मान
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़/मेरठ - उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी पश्चिम जोन की क्षेत्रीय समीक्षा बैठक बुधवार को मेरठ के डी रोजेस होटल में सम्पन्न हुई, जिसमें पश्चिम उत्तर प्रदेश के 14 जनपदों से कांग्रेसी पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान जनपद हापुड़ की संगठनात्मक अनुशासन, सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को लेकर राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी की खुले मंच से सराहना की।
राकेश त्यागी के नेतृत्व में हापुड़ कांग्रेस अनुशासित और संगठित
इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, पश्चिम उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रदीप नरवाल और “संगठन सृजन अभियान” के जोनल प्रभारी कुंवर दानिश अली भी मौजूद रहे। सभी वरिष्ठ नेताओं ने हापुड़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी द्वारा पार्टी के संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने की दिशा में किए गए प्रयासों को सराहते हुए कहा कि “राकेश त्यागी जैसे जुझारू और अनुशासित नेताओं की वजह से कांग्रेस संगठन को मजबूती मिल रही है।”
जनसंपर्क से लेकर संगठन निर्माण तक हर स्तर पर सक्रिय
राकेश त्यागी ने बैठक में कहा कि “जनपद हापुड़ में कांग्रेस को हर बूथ और हर घर तक पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। हम एकजुटता और मेहनत के साथ ब्लॉक से लेकर ग्राम स्तर तक संगठन को खड़ा करने में जुटे हैं। कांग्रेस की नीतियों और विचारों को जन-जन तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है।”
उन्होंने यह भी बताया कि जनपद के सभी ब्लॉकों में प्रभारी और कमेटियों का पुनर्गठन किया जा रहा है, जिससे संगठन और अधिक सक्रिय हो सके।
सभी पदाधिकारी समय से बैठक में रहे उपस्थित
बैठक में जनपद हापुड़ से 4 ब्लॉक अध्यक्ष, उनके प्रभारी, कार्यालय सचिव और कंट्रोल रूम प्रभारी पूरी तैयारी के साथ उपस्थित रहे। यह बात हापुड़ कांग्रेस के अनुशासन और समर्पण को दर्शाती है। वरिष्ठ नेतृत्व ने हापुड़ के मॉडल को अन्य जनपदों के लिए अनुकरणीय बताया।
20 जुलाई तक ब्लॉक कमेटियों के गठन के निर्देश
कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडे ने सभी जिलाध्यक्षों को 20 जुलाई तक ब्लॉक कमेटियों का गठन करने के निर्देश देते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जमीनी मुद्दों पर जन आंदोलन के लिए तैयार रहने को कहा।







Post a Comment