बाइक पर जानलेवा स्टंट करने वालों का वायरल वीडियो देख पुलिस ने ठोका ₹20 हजार का चालान
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़ - जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान जहां एक ओर पुलिस और प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकन्ना है, वहीं दूसरी ओर कुछ शरारती तत्व नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ी मोहल्ले से सामने आया है, जहां तीन युवक एक ही बाइक पर खतरनाक स्टंट करते कैमरे में कैद हो गए।
तीन युवक, एक बाइक और जानलेवा स्टंट
वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक बाइक चला रहा है, दूसरा सीट पर बैठा है और तीसरा युवक पीछे वाले के कंधों पर खड़ा है। बाइक तेज रफ्तार से दौड़ रही है और किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा है। यह दृश्य देखने वालों की सांसें रोक देने वाला था, क्योंकि यह स्टंट किसी भी क्षण बड़ा हादसा बन सकता था।
वीडियो वायरल, पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, हापुड़ पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को समझते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो की जांच की और नंबर प्लेट के आधार पर बाइक की पहचान कर ₹20,000 का चालान काट दिया।
टीआई छविराम का बयान ने कहा "सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की गई। यह वीडियो रामगढ़ी क्षेत्र का पाया गया जिसमें तीन युवक बाइक पर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। वीडियो के आधार पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर ₹20 हजार का चालान जारी किया गया है।"
"मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि ऐसा कोई भी स्टंट या उल्लंघन न करें, जिससे आपकी जान और दूसरों की सुरक्षा खतरे में पड़े। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकतें कानूनन अपराध हैं और ऐसे मामलों में कड़ी कार्यवाही की जाती है।" — टीआई छविराम, यातायात प्रभारी, हापुड़।
सख्त निगरानी, जीरो टॉलरेंस नीति पर अमल
हापुड़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी तरह की अराजकता, लापरवाही या स्टंटबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी मार्गों पर सीसीटीवी निगरानी, ट्रैफिक प्वाइंट, बैरिकेडिंग और पुलिस तैनाती की गई है ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।







Post a Comment