भीकनपुर में मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा,बच्चों सहित पांच घायल
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़ - जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भीकनपुर में शुक्रवार को एक पुरानी और कमजोर छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त घर में परिवार के सदस्य मौजूद थे, वहीं पास में कुछ बच्चे खेल भी रहे थे। छत गिरने की इस दर्दनाक घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।
खेलते वक्त गिरी छत, मलबे में दबे मासूम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब पास-पड़ोस के कुछ बच्चे खेलते हुए मकान के पास पहुंच गए। तभी अचानक मकान की छत और दीवारें भरभरा कर गिर गईं और सभी लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और राहत कार्य शुरू किया।
स्थानीय पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एडीएम व एएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर और एडीएम संदीप कुमार अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। अफसरों ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता और मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत कार्यों में कोई लापरवाही न बरती जाए।
बरसात में कमजोर मकान बन रहे जानलेवा खतरा
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में जर्जर और पुराने मकानों से विशेष सतर्कता बरती जाए। ऐसे मकानों की छतें या दीवारें अचानक गिरने का खतरा बना रहता है।
बचाव के तौर पर
पुराने मकानों की समय-समय पर जांच कराएं
मूसलाधार बारिश के दिनों में इन घरों में रहने से परहेज़ करें
किसी भी खतरे की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें
प्रशासन और ग्रामीणों की सूझबूझ से बची बड़ी जनहानि
इस पूरे घटनाक्रम में ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस-प्रशासन की मुस्तैदी के चलते एक बड़ी जनहानि होने से बच गई। घायलों का इलाज जारी है और सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।







Post a Comment