मुख्यमंत्री योगी से मिले पटाखा विक्रेता संगठन के पदाधिकारी, समस्याएं रखीं, मिला समाधान का आश्वासन
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़ - उत्तर प्रदेश फायरवर्क्स डीलर एसोसिएशन के एक प्रतिनिधि मंडल ने संगठन के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत चांदना के नेतृत्व में हाल ही में लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था और बहुआयामी विकास के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
मुख्यमंत्री से हुई इस मुलाकात में पटाखा व्यापारियों को आ रही विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया। प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि लाइसेंसिंग, भंडारण, सुरक्षा मानकों और त्योहारों के समय कारोबार में आ रही दिक्कतों को लेकर व्यापारी वर्ग परेशान है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संगठन की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार का रुख पटाखा व्यापार के प्रति सकारात्मक है और इसे प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापारियों को अनावश्यक परेशान नहीं किया जाएगा और स्थानीय अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिए जाएंगे।
इस अवसर पर आल इंडिया आतिशबाज़ी संघ के महामंत्री अतुल चोकड़ायत ने जानकारी दी कि हेमंत चांदना के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को आगामी अगस्त माह में लखनऊ में प्रस्तावित राष्ट्रीय आतिशबाज़ी अधिवेशन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



Post a Comment