हापुड़ में महिला पर थप्पड़ों की बरसात,आरोपी चंद घंटों में सलाखों के पीछे
न्यूज एक्सपर्ट - सुशील शर्मा
हापुड़ - मोदीनगर रोड स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में महिला के साथ मारपीट का एक वीडियो गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आ गई। महिला द्वारा नगर कोतवाली में दी गई शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर जा रही थी तभी रास्ते में शराब के नशे में धुत एक युवक ने उस पर अभद्र टिप्पणियां कीं। जब महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवक ने उस पर अचानक हमला कर दिया और सड़क पर ही उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी युवक महिला पर लगातार थप्पड़ों की बरसात करता रहा। महिला खुद को बचाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन हमलावर की तेजी के आगे असहाय दिख रही थी।
पीड़िता ने तत्काल कोतवाली नगर पहुंचकर युवक के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा। पुलिस ने बिना देरी किए मामले को गंभीरता से लिया और वायरल वीडियो की पुष्टि होते ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
👉 पुलिस की त्वरित कार्रवाई
नगर पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से स्थानीय लोगों में संतोष का माहौल है। महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस की सजगता ने यह संदेश दिया है कि अपराध कर कोई भी बच नहीं सकता।
नगर कोतवाल ने बताया कि महिला संबंधित अपराधों को लेकर जनपद पुलिस पूरी तरह से सतर्क है और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
👉 अपराध पर सख्त रवैया, लगातार अभियान
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जनपद में महिलाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। महिला हेल्पलाइन, पेट्रोलिंग, CCTV निगरानी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिये पुलिस प्रशासन लगातार सतर्कता बनाए हुए है।
इस घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने इलाके में गश्त और सतर्कता बढ़ा दी है, ताकि दोबारा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







Post a Comment