News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दस्तोई गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत से रहस्यमयी ड्रोन बरामद हुआ। खेत में काम कर रहे किसान ने जैसे ही उसे देखा तो दंग रह गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। मामला बढ़ता देख किसान ड्रोन को लेकर सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया और पूरी जानकारी पुलिस को दी।
खेत में दिखा संदिग्ध ड्रोन
ग्राम दस्तोई निवासी किसान पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह खेत पर काम कर रहे थे। तभी खेत के एक किनारे पर उन्हें कोई अजीब सी वस्तु दिखाई दी। पास जाकर देखा तो वह एक छोटा ड्रोन था। ड्रोन को देख पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ, लेकिन जब आसपास जानकारी की गई तो भी उसके बारे में कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीणों में अफरा-तफरी
ड्रोन मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई इसे देखने और इसके बारे में जानने को उत्सुक था। लेकिन किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। अंततः ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्रोन पुलिस को सौंपने का फैसला लिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
ग्रामीणों द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय लाए गए ड्रोन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। एसपी ने किसानों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए तत्काल तकनीकी जांच के आदेश दिए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह ड्रोन किसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से खरीदा गया हो सकता है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की पड़ताल
जिम्मेदार अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन के सीरियल नंबर व अन्य तकनीकी डिटेल्स को खंगालने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रोन आखिर खेत में कैसे पहुंचा और इसका मालिक कौन है। सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कराई जा रही है।








Post a Comment