Top News

सड़कों पर पटाखों की तरह फूटे खतरे, बुलेट से निकली आग, पटाखों की तरह उड़ाए यातायात नियम


News Expert - Ajay Verma 

पिलखुवा - शहर की सड़कों पर इन दिनों नवयुवकों का स्टंट का जुनून लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। फिल्मों और सोशल मीडिया पर दिखने वाले स्टंट की नकल करते हुए युवक खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नज़र आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पिलखुवा में सामने आया, जहां एक स्टंटबाज युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ता दिखाई दिया। हैरानी की बात यह रही कि उसकी मोटरसाइकिल से तेज धमाकों के साथ पटाखे और आग निकलती नजर आई।


वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक की बुलेट पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी हुई थी। सड़क पर जहां-तहां तेज धमाके होते रहे और आसपास के लोग दहशत में दिखे। राहगीरों का कहना है कि यह करतूत हादसे को न्योता देने जैसी है।

पुलिस की सख्ती भी नहीं रोक पा रही स्टंटबाजों को

यातायात पुलिस ने पिछले कुछ महीनों में पटाखे छोड़ने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों से सैकड़ों की संख्या में साइलेंसर उतरवाए हैं और कई बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज भी किया गया है। इसके बावजूद सड़कों पर धड़ल्ले से पटाखे छोड़ती बुलेटें दौड़ रही हैं।

पुलिस द्वारा स्टंटबाज युवकों पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उनके वाहनों पर भारी-भरकम चालान किए जा रहे हैं। लेकिन चालानी कार्रवाई का असर युवकों पर कम और उनके परिजनों पर ज्यादा पड़ता है, क्योंकि चालान की रकम अंततः माता-पिता की जेब से चुकानी पड़ती है।

हाल का बड़ा मामला

कुछ ही दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक स्कॉर्पियो कार की स्टेयरिंग छोड़कर बोनट पर बैठा हुआ स्टंट करता नजर आया। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए युवक को हिरासत में लिया और गाड़ी पर ₹28,500 का भारी चालान काटते हुए वाहन को सीज कर दिया।

वायरल वीडियो पर पुलिस की नज़र

पिलखुवा में वायरल हुए बुलेट स्टंट के ताजा वीडियो पर यातायात प्रभारी छविराम ने कहा कि मामला संज्ञान में है। पटाखे छोड़ने वाली बुलेट मोटरसाइकिल की तलाश की जा रही है और जल्द ही स्टंटबाज पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि इस तरह की खतरनाक हरकतों को तुरंत रोका जाए, क्योंकि स्टंटबाज न सिर्फ अपनी बल्कि राहगीरों की जान को भी खतरे में डालते हैं।






Post a Comment

Previous Post Next Post