News Expert - Ajay Verma
पिलखुवा/लखनऊ - नगर पालिका परिषद पिलखुवा क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर बुधवार को भाजपा नेता विभु बंसल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर उन्हें ज्ञापन सौंपा।
विभु बंसल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पिलखुवा रेलवे स्टेशन के समीप सरस्वती शिशु मंदिर से लेकर छीपीवाड़ा क्षेत्र तक पहले से निर्मित नाले को रेलवे विभाग ने बंद कर दिया है। इस कारण लगभग 50 हजार की आबादी की जल निकासी बाधित हो गई है।
जलभराव से जनता परेशान
मुख्यमंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि नाले के बंद होने के बाद से वर्षाजल और घरेलू अपशिष्ट जल का निकास पूरी तरह रुक गया है। गलियों और मोहल्लों में गंदा पानी भर जाने से नागरिकों का जीवन कष्टमय हो गया है। स्वच्छता और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी यह स्थिति बेहद गंभीर है।
विभु बंसल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि रेलवे विभाग को तत्काल निर्देशित किया जाए कि अवरुद्ध नाले की निकासी व्यवस्था पुनः सुनिश्चित कराई जाए, अथवा वैकल्पिक नाले का निर्माण कराया जाए और इसके लिए वित्तीय सहयोग भी प्रदान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने दिया आश्वासन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुविधा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है, ऐसे में समस्या के समाधान के लिए शीघ्र कदम उठाए जाएंगे।







Post a Comment