Top News

नाबालिग लड़की अचानक घर से हुई गायब, युवक पर शक की जताई आशंका


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के अचानक लापता हो जाने से परिवारजन गहरे सदमे में हैं। करीब 16 वर्षीय यह लड़की बीते 25 अगस्त की दोपहर अचानक घर से गायब हो गई। परिवार ने अपनी ओर से रिश्तेदारों और परिचितों में तलाश की, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका। थक-हारकर परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

खेत से लौटे पिता तो बेटी गायब

पीड़ित पिता ने बताया कि 25 अगस्त को वह खेत में काम करने गए थे। शाम को जब वे वापस लौटे तो उनकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं मिली। बेटी के अचानक गायब हो जाने से परिवारजन घबरा गए और पहले गांव व आस-पड़ोस में खोजबीन की। परिजनों ने रिश्तेदारों तक भी खबर भिजवाई लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा।


अलमारी से मिला मोबाइल फोन, गहराया शक

परिवार का कहना है कि 28 अगस्त की शाम जब घर के लोग कपड़े अलमारी में रख रहे थे तो वहां से उन्हें एक मोबाइल फोन मिला। इस मोबाइल ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी। शक जताया जा रहा है कि किशोरी संभवतः किसी परिचित युवक के साथ घर से गई हो। हालांकि अभी तक परिजन इस बारे में पक्के तौर पर कुछ नहीं कह पा रहे हैं।

पिता ने थाने में दी तहरीर

आखिरकार 29 अगस्त को पीड़ित पिता ने थाना बहादुरगढ़ पहुंचकर बेटी की बरामदगी की तहरीर दी। पिता का कहना है कि उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है और वे उसकी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और सभी उसकी सकुशल वापसी की दुआ कर रहे हैं।


पुलिस ने गठित की तलाश टीमें

थाना प्रभारी बहादुरगढ़ मनोज बालियान ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मोबाइल फोन और अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। किशोरी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही लड़की को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंपा जाएगा और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।






Post a Comment

Previous Post Next Post