News Expert - Ajay Verma
धौलाना (हापुड़) - धौलाना थाना क्षेत्र के गांव करनपुर जट्ट में पुरानी रंजिश ने शनिवार को खूनी रूप ले लिया। गांव के ही कुछ लोगों ने एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से बेरहमी से पीटा। यही नहीं, आरोप है कि हमलावरों में से एक के हाथ में पिस्टल भी थी और उसने जान से मारने की नीयत से धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले से ही उनके परिवार से रंजिश रखते हैं और मौके की तलाश में थे। शनिवार को उन्होंने सुनियोजित तरीके से युवक पर हमला कर दिया।
पीड़ित पक्ष ने थाने में दी तहरीर
घटना के बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी। उनका कहना है कि पिस्टल लहराकर जान लेने की कोशिश की गई, जिससे परिजनों में दहशत है। उन्होंने पुलिस से हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
इस संबंध में धौलाना थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो की भी छानबीन की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








Post a Comment