News Expert - Ajay Verma
हापुड़ - कोतवाली पिलखुवा क्षेत्र के छिजारसी टोल प्लाजा पर पुलिस और जीवन एक पहल टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर पशु खाल से भरा एक कैंटर दबोच लिया। कैंटर दिल्ली के गाजीपुर से हापुड़ की ओर आ रहा था। पुलिस ने मौके से चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मालिक के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गुप्त सूचना पर की गई घेराबंदी
जीवन एक पहल टीम के संयोजक क्षितिज शंकर पांडेय ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि एक कैंटर पशु खाल से लदा हुआ दिल्ली से हापुड़ की ओर रवाना हुआ है। सूचना मिलते ही टीम ने छिजारसी टोल पर घेराबंदी कर दी और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया। रात में जैसे ही कैंटर ने टोल पार किया, टीम ने पुलिस के सहयोग से उसे रोक लिया।
मौके पर बुलाए गए पशु चिकित्सक
कैंटर की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में पशु खाल बरामद हुई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर पशु चिकित्सक डॉ. राजपाल सिंह को बुलाया गया। उन्होंने खाल का नमूना लेकर जांच के लिए लैब भेज दिया। शेष खाल को मौके पर ही जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर दबा दिया गया, ताकि किसी तरह का संक्रमण न फैल सके।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि कैंटर मालिक नन्हे निवासी कोटला मेवातियान और चालक सलमान निवासी सैना मुरादपुर, सिंभावली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मालिक की तलाश की जा रही है।
सीओ पिलखुवा का बयान
सीओ पिलखुवा अनीता चौहान ने कहा, “पशु क्रूरता और अवैध गतिविधियों पर किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा।”








Post a Comment