Top News

बेटियों की सुरक्षा के लिए संकल्पित हुई पुलिस, मिशन शक्ति 5.0 का आगाज़, बड़ी स्क्रीन पर देखा शुभारंभ,


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ कार्यक्रम का शनिवार को जिलेभर में भव्य शुभारंभ हुआ। हापुड़ कोतवाली नगर समेत पिलखुवा, धौलाना, बाबूगढ़, कपूरपुर, गढ़मुक्तेश्वर, बहादुरगढ़ और हापुड़ देहात थानों में इस अवसर पर बड़ी स्क्रीन लगाकर मुख्यमंत्री का संबोधन दिखाया गया।


कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग, स्कूली छात्र-छात्राएं, महिला-पुरुष पुलिस कर्मी और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिशन शक्ति की शपथ लेते हुए महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

थानों में पहुंचे बच्चों और महिलाओं को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति के तहत 1090 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, एंटी रोमियो स्क्वॉड और पिंक बूथ जैसी सुविधाएं महिलाओं की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाएगी।


पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर महिला सुरक्षा टीम लगातार गश्त कर रही है। पब्लिक प्लेस पर सीसीटीवी कैमरों और महिला हेल्प डेस्क के जरिए भी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन में महिलाओं की भागीदारी और स्वावलंबन पर खास जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि बेटी पढ़ेगी, तभी परिवार और समाज प्रगति करेगा। मिशन शक्ति सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज में नारी के सम्मान और सशक्तिकरण का संकल्प है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों से मिशन शक्ति को समर्थन दिया और महिला सुरक्षा के लिए हरसंभव सहयोग करने का वादा किया।










Post a Comment

Previous Post Next Post