News Expert - Ajay Verma
हापुड़ - पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव परतापुर में शनिवार रात चोरों ने ताबड़तोड़ वारदातें कर इलाके में दहशत फैला दी। नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट की, वहीं दूसरे घर में शादी की तैयारियों के बीच नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
पहली घटना गुलशन के घर में घटी। बताया गया कि आधी रात के बाद कुछ बदमाश दीवार फांदकर भीतर दाखिल हुए। उन्होंने गुलशन के बेटे की कनपटी पर तमंचा रखकर पूरे परिवार को कब्जे में ले लिया। दबाव बनाकर बदमाशों ने घर से 15 हजार रुपये नकद और करीब 75 हजार रुपये के आभूषण समेट लिए और फरार हो गए।
दूसरी ओर, अफरोज के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोग उसी रात पास ही दूसरे मकान में सो रहे थे। इसी बीच चोरों ने मौका पाकर अलमारी से डेढ़ लाख रुपये नकद, एक तोला सोना और लगभग एक किलो चांदी चुरा ली। सुबह चोरी का पता चलते ही घर में कोहराम मच गया।
सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों स्थानों का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने मामले में टीमें गठित कर दी हैं और जल्द खुलासे का भरोसा दिया है।












Post a Comment