Top News

दीपावली पर सरकार की तरफ से मिलेगा 58 हजार परिवारों को तोहफा


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - त्यौहारों का मौसम गरीब परिवारों के लिए खुशियां लेकर आएगा। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को दीपावली से पहले शासन की ओर से निःशुल्क गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिले में इस योजना से करीब 58 हजार परिवार जुड़े हुए हैं, जिन्हें हर साल होली और दीपावली पर मुफ्त रीफिल की सुविधा दी जाती है।


होली पर पात्र परिवारों को पहले ही निःशुल्क सिलेंडर उपलब्ध कराया जा चुका है। अब दीपावली पर दूसरी किस्त के तहत सिलेंडर वितरण की तैयारी तेज कर दी गई है। आपूर्ति विभाग ने शासन को मांग भेज दी है और अक्टूबर माह में जिले को अतिरिक्त गैस सिलेंडरों की खेप आवंटित की जाएगी।


जिला आपूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा सिंह ने बताया कि त्यौहारों के मौके पर किसी भी परिवार को परेशानी न हो, इसके लिए अग्रिम व्यवस्था कर ली गई है। जिलाधिकारी और जिला पंचायत अध्यक्ष की देखरेख में पात्र उपभोक्ताओं के खातों में सब्सिडी भेजी जाएगी। इसके बाद लाभार्थी एजेंसी से अपना मुफ्त सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।


उज्ज्वला योजना के तहत गरीब परिवारों को सरकार ने गैस कनेक्शन और चूल्हे प्रदान किए हैं। अब नियमित रूप से त्यौहारों पर मिलने वाली यह सुविधा उनके लिए बड़ी राहत बन गई है। दीपावली से पहले मुफ्त गैस सिलेंडर मिलने से इन परिवारों की रसोई में चूल्हा गैस पर ही जलेगा और त्योहार की खुशियां दोगुनी होंगी।









Post a Comment

Previous Post Next Post