News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - थाना बहादुरगढ़ पुलिस और गोकश बदमाशों के बीच गुरुवार देर रात मुठभेड़ हो गई। क्रॉस फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मौके से एक जीवित प्रतिबंधित पशु, अवैध तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और गौकशी के उपकरण बरामद हुए हैं। वहीं, बदमाशों का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस ने कॉम्बिंग शुरू कर दी है।
घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश की पहचान महताब पुत्र इलियाश कुरैशी निवासी जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। उसके साथी जैद पुत्र सहीद कुरैशी को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है, जबकि दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।
पूर्व में भी गौकशी में लिप्त रहे आरोपी
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 30 अगस्त 2025 की रात ग्राम खेड़ा के जंगल में गौकशी करने की बात कबूल की है। पुलिस का मानना है कि यह गैंग क्षेत्र में सक्रिय रूप से गौकशी की घटनाओं में संलिप्त है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर वरुण मिश्रा ने बताया कि “थाना बहादुरगढ़ पुलिस की सक्रियता से दो शातिर गोकश बदमाश दबोचे गए हैं। इनके कब्जे से प्रतिबंधित पशु और अवैध हथियार बरामद हुए हैं। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। बदमाशों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।”
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।








Post a Comment