News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। चरित्र हनन और पति की प्रताड़ना से दुखी महिला ने फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की थी। गंभीर हालत में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका की बहन की शिकायत पर पुलिस ने अब तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चरित्र पर टिप्पणी बनी वजह
जानकारी के अनुसार गांव की रहने वाली महिला के चरित्र पर पड़ोस में रहने वाले दो सगे भाइयों ने गलत टिप्पणी कर दी। इस बात पर घर में विवाद बढ़ गया और महिला के पति ने भी उस पर हाथ उठा दिया। अपमान और मारपीट से आहत महिला ने उसी रात घर में फांसी लगा ली।
अस्पताल में 2 दिन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष
परिवार वालों ने तुरंत महिला को गंभीर हालत में मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। परिवार में कोहराम मच गया और गांव में सनसनी फैल गई।
बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
घटना के बाद मृतका की बहन सामने आई और पुलिस से शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि पड़ोसियों की टिप्पणी और पति की मारपीट ही बहन की मौत का कारण बनी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नीरज, अजय और सुधीर नामजद तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
सीओ सिटी जितेंद्र शर्मा ने बताया कि महिला की मौत को लेकर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









Post a Comment