Top News

पति पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी और दहेज मांगने का आरोप, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट


News Expert - Sushil Sharma 

गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा है। जब उसकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो पति ने उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर बदनाम करने की साजिश रच डाली।

शादी के समय मिली बाइक भी बेच दी

विवाहिता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। निकाह के समय पिता ने दहेज स्वरूप एक बाइक दी थी, लेकिन आरोपी पति ने बाद में बाइक को बेच डाला। इसके बाद उसने दो लाख रुपये नकद और एक कार की नई मांग शुरू कर दी।


वीडियो बनाकर दी बदनाम करने की धमकी

जब यह मांग पूरी नहीं हुई तो आरोपी पति ने महिला की आपत्तिजनक और नग्न तस्वीरें व वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। आरोप है कि पति ने यह अश्लील सामग्री पीड़िता की चाची के मोबाइल पर भेज दी, जिससे मामला खुलकर सामने आया।

मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी

महिला का कहना है कि पति उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। इतना ही नहीं, वह वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी देता है। इससे महिला बेहद डरी और सहमी हुई है।


पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज

पीड़िता ने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







Post a Comment

Previous Post Next Post