Top News

महिला सुरक्षा को मिला नया आयाम, हर थाने में बन गए विशेष महिला सुरक्षा केंद्र


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़/मेरठ - नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति-5.0 का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने करकमलों से किया। इस अवसर पर एडीजी जोन मेरठ भानु भास्कर, मंडलायुक्त मेरठ हृषिकेश भास्कर यशोद, डीआईजी रेंज मेरठ कलानिधि नैथानी, डीएम मेरठ वी.के. सिंह, एसएसपी मेरठ डॉ. विपिन ताडा सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी NIC सेंटर मेरठ से कार्यक्रम में जुड़े। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। परिक्षेत्र के सभी जनपदीय पुलिस लाइन व थानों पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।


हर थाने में शुरू हुई नई व्यवस्था

मिशन शक्ति-5.0 के तहत मेरठ परिक्षेत्र के सभी थानों में अब विशेष महिला सुरक्षा केंद्र स्थापित हो चुके हैं। डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी के निर्देश पर निर्धारित समयसीमा के भीतर हर थाने में महिला सुरक्षा इकाई गठित की गई है। उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारी को इनका प्रभारी बनाया गया है और प्रशिक्षित पुलिसकर्मी भी तैनात कर दिए गए हैं।


शिकायत से समाधान तक एक ही जगह सुविधा

अब महिला पीड़िताओं को न्याय पाने के लिए थाने में भटकना नहीं पड़ेगा। इन सुरक्षा केंद्रों में शिकायत दर्ज कराने से लेकर काउंसलिंग, मार्गदर्शन, सहयोग और संरक्षण तक की पूरी व्यवस्था की गई है। मकसद है कि महिला न केवल न्याय पाए बल्कि मानसिक और शारीरिक रूप से भी सशक्त होकर बाहर निकले।

आधुनिक सुविधाओं से लैस

हर केंद्र में मेज-कुर्सी, कम्प्यूटर, प्रिंटर, अलमारी, आवश्यक रजिस्टर, शुद्ध पेयजल, सीसीटीवी कैमरे और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं। पहले से मौजूद महिला हेल्प डेस्क को भी इन केंद्रों में समाहित किया गया है।


संरचना और तैनाती

प्रभारी निरीक्षक/उपनिरीक्षक – 01

उपनिरीक्षक (महिला/पुरुष) – 01 से 04

मुख्य आरक्षी/आरक्षी – 04 से 15

महिला होमगार्ड – 01 से 02

ये अधिकारी महिला अपराधों की विवेचना भी करेंगे, जिससे जांच की गुणवत्ता बेहतर होगी।

"नारी सुरक्षा पर मील का पत्थर साबित होगा"

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने कहा कि मिशन शक्ति के तहत बने महिला सुरक्षा केंद्र महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी थाने में निर्धारित व्यवस्था लागू न होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।









Post a Comment

Previous Post Next Post