News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - थाना हापुड़ नगर क्षेत्र में महिलाओं से छेड़छाड़ करने की हिमाकत करने वाले तीन मनचलों को पुलिस ने दबोच लिया। यह घटना उस समय हुई जब मेरठ के खरखोदा इलाके का भाई-बहन बाइक से हापुड़ आ रहा था। रास्ते में मनचलों ने युवती को अशोभनीय हरकतों से परेशान किया। विरोध करने पर मनचलों ने युवक की बाइक रोककर चाबी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई और मिशन शक्ति अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों में ही तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से केटीएम बाइक (UP 37 K 5444) और स्कूटी (UP 37 Q 8006) बरामद कर ली है।
घटना का पूरा मामला
गुरुवार देर रात एसपी आवास के पास मेरठ रोड पर यह घटना हुई। पीड़िता अपने भाई के साथ बाइक से लौट रही थी, तभी एक बाइक और स्कूटी पर सवार चार युवकों ने रास्ता रोककर छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब भाई ने विरोध किया तो मनचलों ने उसकी बाइक की चाबी छीन ली। घबराए पीड़ित ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सक्रिय हुई थाना हापुड़ नगर पुलिस ने मु0अ0सं0 583/25 धारा 74, 78, 115(2), 352, 351(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपियों की तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह पुलिस टीम ने मेरठ रोड फ्लाईओवर के पास से तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
1. हर्षित पुत्र राजेश कुमार, निवासी रामगंज रेलवे रोड, थाना हापुड़ नगर।
2. देव कुमार पुत्र राजवीर सिंह, निवासी आदर्शनगर कॉलोनी, थाना हापुड़ नगर।
3. दीपांशु पुत्र बलवन्त सिंह, निवासी आदर्शनगर कॉलोनी, थाना हापुड़ नगर।
पुलिस का सख्त संदेश
हापुड़ पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा जनपद में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। छेड़छाड़, अभद्रता या उत्पीड़न के किसी भी मामले को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने मनचलों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जो भी कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं की सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस
मिशन शक्ति अभियान के तहत हापुड़ पुलिस ने साफ कर दिया है कि जनपद की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।












Post a Comment