News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। मिशन शक्ति अभियान के तहत हापुड़ देहात पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसने लोगों के दिल जीत लिए। गुरुवार को थाना देहात पुलिस की टीम ने मोहल्ला सर्वोदय कॉलोनी, फैक्ट्री एरिया निवासी करीब 65 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला के घर पहुंचकर उनकी समस्या सुनी और तत्काल मदद पहुंचाई।
पुलिस बनी सहारा, घर पहुंचकर दी मदद
पुलिस टीम को जानकारी मिली थी कि बुजुर्ग महिला अकेले रहती हैं और उन्हें आंखों से कम दिखाई देता है। इस पर थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम उनके घर पहुंची। महिला की व्यथा सुनते ही पुलिस ने उन्हें खाने-पीने का राशन जैसे आटा, चावल और फल आदि उपलब्ध कराए।
तुरंत कराई आंखों की जांच, दिलवाया चश्मा
महिला ने बताया कि उन्हें आंखों से साफ दिखाई नहीं देता। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें तत्काल डॉक्टर के पास ले जाकर आंखों की जांच कराई और उनका चश्मा बनवाया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें घर तक सुरक्षित छोड़कर मानवीय सेवा का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।
विजय गुप्ता की पहल सराही गई
थाना देहात प्रभारी विजय गुप्ता और उनकी टीम की इस पहल की कॉलोनीवासियों ने जमकर सराहना की। लोगों ने कहा कि पुलिस का यह चेहरा वास्तव में जनसेवा का सच्चा रूप है। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस सिर्फ अपराध नियंत्रण ही नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों के लिए भी संबल बन रही है।
पुलिस की कार्यशैली ने जीता दिल
बुजुर्ग महिला की मदद की खबर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। हर कोई यही कहता नज़र आया कि “अगर पुलिस इसी तरह जनता की सेवा करती रही तो लोगों का भरोसा पुलिस पर और गहरा होगा।” मिशन शक्ति अभियान के दौरान हापुड़ देहात पुलिस की यह पहल न सिर्फ प्रशंसा के योग्य है बल्कि यह अन्य थानों के लिए भी प्रेरणादायक संदेश है।













Post a Comment