News Expert - Sushil Sharma
गढ़मुक्तेश्वर - गढ़मुक्तेश्वर नगर की समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिला महासचिव से गाजियाबाद निवासी एक व्यक्ति ने मोटे मुनाफे का लालच देकर करीब ढाई लाख रुपये हड़प लिए। तय समय पर रकम वापस न मिलने पर जब नेत्री ने पैसे मांगे तो आरोपित ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में जान से मारने की धमकियां भी देने लगा। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला आदर्श नगर निवासी अफसाना समाजवादी पार्टी महिला सभा की जिला महासचिव हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पार्टी कार्यक्रमों के दौरान उनकी पहचान गाजियाबाद के रहने वाले एक पदाधिकारी से हुई। आरोप है कि उसने निवेश पर दोगुना मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाकर करीब दो लाख पैंतीस हजार रुपये अपनी कंपनी के खाते में जमा करा लिए।
निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद जब अफसाना ने अपनी रकम मांगी तो आरोपित लगातार बहाने बनाने लगा। जांच-पड़ताल करने पर सामने आया कि आरोपी पर इस तरह की ठगी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। आरोप है कि अब पीड़िता और उनके परिवार को कॉल करके जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
पीड़िता ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर ठग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।










Post a Comment