News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - आगामी 2026 चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता सूची के बड़े पैमाने पर पुनरीक्षण का जिम्मा बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और सुपरवाइजरों को सौंपा गया है। इसके लिए सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
एसडीएम श्रीराम यादव ने बताया कि तहसील क्षेत्र में कुल 164 बीएलओ और 31 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। यह सभी 29 सितंबर तक गांव-गांव जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। इस दौरान 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके नए मतदाताओं को जोड़ा जाएगा, जबकि मृतक अथवा स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजरों को ई-बीएलओ मोबाइल एप का इस्तेमाल अनिवार्य रूप से करना होगा। प्रत्येक कार्य की सूचना ऑनलाइन दर्ज करनी होगी और सप्ताह में एक बार संबंधित गांव के नागरिकों के साथ सेल्फी अपलोड करनी होगी। निर्वाचन आयोग ने यह व्यवस्था पहली बार लागू की है ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में पारदर्शिता बनी रहे।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि इस बार मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बीएलओ द्वारा जुटाए गए नए नामों को सूची में शामिल कर संशोधित मतदाता सूची तैयार होगी। इसके प्रकाशन के बाद आम जनता से आपत्तियां मांगी जाएंगी और उनके निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।










Post a Comment