Top News

कलश चोरी को लेकर दिल्ली पुलिस हापुड़ सर्राफा बाजार पहुंची दुकानदारों में मचा हड़कंप, दो हिरासत में


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - राजधानी दिल्ली स्थित लालकिले के पास सत्संग भवन से चोरी हुए सोने के कलश प्रकरण ने सोमवार को हापुड़ सर्राफा बाजार में हड़कंप मचा दिया। दिल्ली पुलिस चोरी के आरोपी को लेकर सर्राफा बाजार पहुंची तो वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूत्रों के अनुसार आरोपी ने अपने साथियों संग मिलकर कलश को टुकड़ों में काटकर यहां की कई दुकानों पर बेचा था।

दुकानों की पहचान कराने पहुंची पुलिस

दिल्ली पुलिस आरोपी को लेकर सर्राफा बाजार की गलियों में घूमती रही और उन दुकानों की पहचान कराई, जहाँ कलश का सोना बेचा गया था। पुलिस की कार्रवाई से बाजार में हलचल मच गई। दुकानदारों के बीच यह चर्चा जोर पकड़ने लगी कि आखिर चोरी का सोना किन-किन के पास पहुँचा।

दुकानदारों की धड़कनें हुई तेज

करीब तीन घंटे तक पुलिस टीम आरोपी को साथ लेकर विभिन्न दुकानों पर जाती रही। जिन दुकानों पर पुलिस रुकी, वहाँ मौजूद व्यापारियों की धड़कनें तेज हो गईं। पुलिस ने दुकानदारों से बारीकी से पूछताछ की और सोने की खरीद-फरोख्त से जुड़े दस्तावेज खंगाले।

दो दुकानदार हिरासत में

पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे, जिसके बाद दो दुकानदारों को हिरासत में लिया गया है। उनसे चोरी हुए सोने की खरीद-फरोख्त से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने योजना बनाकर चोरी किए गए कलश को टुकड़ों में काटकर अलग-अलग दुकानों पर बेचा, ताकि किसी को शक न हो।

पूरे बाजार में चर्चा का विषय

दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से पूरे हापुड़ सर्राफा बाजार में हड़कंप मच गया। व्यापारी आपस में चोरी के सोने की खरीद को लेकर चर्चा करते रहे। वहीं पुलिस का कहना है कि जिन दुकानदारों ने चोरी का सोना खरीदा है, उनकी पहचान कर एक-एक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post