Top News

स्कॉर्पियो और रिक्शा की टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में लगाई आग, रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़। बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मुदाफरा चौकी इलाके में रविवार को हुए सड़क हादसे ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया। स्कॉर्पियो और ई-रिक्शा की टक्कर में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जमकर प्रदर्शन किया। इस बीच प्रदर्शन का फायदा उठाते हुए कुछ असामाजिक तत्वों ने हादसे में शामिल स्कॉर्पियो कार में आग लगा दी। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


स्कॉर्पियो चालक हिरासत में

हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं असामाजिक तत्वों द्वारा कार को आग लगाने के बाद तनावपूर्ण स्थिति के बीच ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन के बीच वार्ता हुई जिसके बाद प्रदर्शन खत्म किया गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुँचकर आग पर काबू पाया।

एएसपी ने कही सख्त बात

मौके पर पहुँचे एएसपी विनीत भटनागर ने साफ कहा कि स्कॉर्पियो में आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि कार में आग लगाने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है और चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।


पुलिस-प्रशासन की कड़ी निगरानी

बवाल के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आश्वासन दिया गया कि मृतक के परिजनों को हर संभव सहायता दिलाई जाएगी और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।








Post a Comment

Previous Post Next Post