News Expert - Sushil Sharma
हापुड़। योगी सरकार की नो हेलमेट-नो पेट्रोल मुहिम पर अब प्रशासन ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद सितंबर माह को विशेष अभियान के रूप में चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एआरटीओ रमेश चौबे और पीटीओ आशुतोष उपाध्याय ने मंगलवार को जनपद के पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह परखा कि कहीं बिना हेलमेट आए वाहन चालकों को पेट्रोल तो नहीं दिया जा रहा। कई पंपों पर बिना हेलमेट पहुंचे चालकों को रोककर न केवल समझाया गया बल्कि मौके पर उनका चालान भी किया गया। पीटीओ आशुतोष उपाध्याय ने ऐसे चालकों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि नियम तोड़ने पर भारी जुर्माना भरना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने लोगों को यह भी समझाया कि हेलमेट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी बचाने के लिए जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान कुछ वाहन चालक पंप पर बिना हेलमेट पहुंचे और जब कर्मचारियों ने पेट्रोल देने से इनकार किया तो बहस करने लगे। इस पर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए ऐसे चालकों का चालान किया और उन्हें हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई।
एआरटीओ रमेश चौबे ने कहा कि सड़क हादसों में सबसे अधिक मौतें बिना हेलमेट के होने वाली सिर की चोटों से होती हैं। ऐसे में सरकार की यह पहल जनता के जीवन की सुरक्षा के लिए है। सभी पेट्रोल पंप कर्मियों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि बिना हेलमेट पेट्रोल न दें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस सख्ती का स्वागत किया और कहा कि अगर नियम का पालन ईमानदारी से किया जाए तो सड़क हादसों में होने वाली मौतों को काफी हद तक रोका जा सकता है।









Post a Comment