Top News

गॉलब्लैडर ऑपरेशन के दौरान मरीज की मौत, परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - जनपद हापुड़ के प्रयाग अस्पताल में सोमवार को एक मरीज की गॉलब्लैडर सर्जरी के दौरान मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। अचानक हुई इस घटना से मृतक के परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को संभाला और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


जानकारी के अनुसार, बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मुजफ्फर बगड़पुर निवासी राजकुमार को कई दिनों से पेट दर्द और पथरी की समस्या थी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन रविवार को उन्हें प्रयाग अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद गॉलब्लैडर की सर्जरी की सलाह दी। परिवार के लोग राजी हो गए और सोमवार को ऑपरेशन किया गया।


परिजनों का आरोप है कि सर्जरी के बाद राजकुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई, लेकिन डॉक्टरों ने लापरवाही बरतते हुए समय पर गंभीरता से इलाज शुरू नहीं किया। इसी लापरवाही के चलते राजकुमार की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए और जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि समय रहते उचित कदम उठाए जाते तो राजकुमार की जान बचाई जा सकती थी।


वहीं, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उधर, मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन ने अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में भी गहरी नाराजगी देखी जा रही है।






Post a Comment

Previous Post Next Post