News Expert - Sushil Sharma
हापुड़ - गढ़ रोड क्षेत्र में जलभराव की समस्या अब लोगों के सब्र का इम्तिहान लेने लगी है। भीमनगर, न्यू भीमनगर और गिरधारी नगर में नालियों की निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने से लोगों का जीवन नर्क बन गया है। हालात ऐसे हैं कि बिना बरसात के भी गलियां और सड़कें गंदे व बदबूदार पानी से पट जाती हैं। यह दूषित पानी घरों में घुसकर न सिर्फ दुर्गंध फैला रहा है बल्कि मच्छरों का प्रकोप और बीमारियों का खतरा भी बढ़ा रहा है।
सोमवार को जब परेशान हाल लोगों का गुस्सा फूटा तो उन्होंने गढ़ रोड जाम कर प्रशासन को चेतावनी दी। हालांकि मौके पर पहुंचे पुलिस और अधिकारियों ने समझाकर जाम खुलवाया।
डीएम पैदल उतरे गंदे पानी में
मंगलवार की सुबह स्थिति का जायजा लेने खुद जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय प्रभावित मोहल्लों में पहुंचे। खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के बदबूदार पानी से होकर पैदल गलियों का निरीक्षण किया। उनके साथ एसडीएम सदर ईला प्रकाश भी मौजूद रहीं।
निरीक्षण के दौरान लोगों ने डीएम के सामने अपनी पीड़ा रखी। मोहल्लेवासियों ने कहा कि जल निकासी की दुर्दशा ने जीना दूभर कर दिया है। हर वक्त महामारी फैलने का खतरा बना रहता है और महिलाएं व बच्चे रोज इसी गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
लोगों के चेहरों पर दिखी उम्मीद
डीएम को अचानक मोहल्लों में पहुंचा देखकर लोग राहत महसूस करते नजर आए। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद कोई वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर आया और उनकी तकलीफ सुनी। लोगों ने आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्या का स्थायी हल निकलेगा।
जल्द मिलेगा समाधान
डीएम अभिषेक पांडेय ने मौके पर ही अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जलभराव से निजात दिलाने के लिए तुरंत कार्ययोजना बनाई जाए। उन्होंने कहा कि जल्द ही नालियों की सफाई व चौड़ीकरण कर स्थायी समाधान निकाला जाएगा। डीएम ने आश्वासन दिया कि अब लोगों को ज्यादा दिन तक परेशान नहीं होना पड़ेगा।









Post a Comment