हापुड़ पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, 2027 चुनाव से पहले पंचायत चुनावों में कांग्रेस के परचम की जताई उम्मीद
सुशील शर्मा
सीएम योगी को करना चाहिए जनहित में कार्य, बैंगलोर हादसे पर जताई संवेदना
हापुड़ - उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को हापुड़ दौरे पर पहुंचे, जहां निजामपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में प्रदेश अध्यक्ष को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कांग्रेस का डंका बजाने का दावा
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अजय राय ने आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस के मजबूती से उतरने और जीत दर्ज करने का दावा किया। उन्होंने कहा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले होने वाले पंचायत चुनावों में कांग्रेस का डंका बजेगा। हम गांव-गांव तक संगठन को मजबूत कर रहे हैं।
योगी सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए अजय राय ने कहा कि “मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ को जनहित में बेहतर कार्य करने चाहिए। लेकिन फिलहाल जो नीतियां चल रही हैं, वे समाज के व्यापक हित में नजर नहीं आ रही हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि मुख्यमंत्री को संवेदनशील और समावेशी दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता है।
बैंगलोर भगदड़ पर दुख व्यक्त किया
हाल ही में बैंगलोर स्टेडियम में मची भगदड़ को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे बेहद दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताया और पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट की।
गंगा दशहरा पर दिया आशीर्वाद का संदेश
गंगा दशहरा के अवसर पर अजय राय ने देशवासियों और श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए मां गंगा का आशीर्वाद लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “गंगा सिर्फ एक नदी नहीं, बल्कि हमारी आस्था और संस्कृति की प्रतीक है। इसे संरक्षित रखना हम सभी का कर्तव्य है।”
वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में हुआ स्वागत
अजय राय के स्वागत समारोह में जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी, पूर्व विधायक गजराज सिंह, बदरुद्दीन कुरैशी, पूर्व शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल, विक्की शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में आगामी चुनावों में कांग्रेस को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Post a Comment