News Expert - Ajay Verma
पिलखुवा - बैन होने के बावजूद चाइनीज मांझा खुलेआम बिक रहा है और लोगों की जान पर बन रहा है। चाइनीज मांझे की चपेट में आने से पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में एक और हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार युवक की गर्दन मांझे से कट गई। गनीमत रही कि समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
गांव हैदर नगर निवासी नदीम रोजाना की तरह गुरुवार देर शाम अपनी बाइक से गांव गालंद स्थित नौकरी पर जा रहा था। जैसे ही वह छिजारसी टोल प्लाजा के पास पहुंचा, उसकी गर्दन अचानक आसमान से लटकते चाइनीज मांझे में उलझ गई। तेज रफ्तार में मांझा गर्दन में गहराई तक धंस गया और वह लहूलुहान होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गर्दन में चार टांके लगाए। हालत में सुधार होने पर उसे छुट्टी दे दी गई।
बैन के बाद भी जारी बिक्री
प्रशासन और पुलिस द्वारा चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद बाजारों में यह धड़ल्ले से बिक रहा है। मांझा न केवल राहगीरों के लिए खतरा है, बल्कि अब तक कई पक्षियों की भी जान ले चुका है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे जानलेवा मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी की जान न जाए।







Post a Comment