Top News

बाबूगढ़ क्षेत्र में विवाद के बाद हवाई फायरिंग, पिता-पुत्र पर मुकदमा दर्ज – पुलिस जांच में जुटी


News Expert - Sushil Sharma 

हापुड़ - बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र में चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव होशदारपुर गढ़ी निवासी एक युवक और उसके परिजनों पर गाली-गलौज और धमकी देने के बाद हवाई फायरिंग करने का आरोप लगा है। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


न्यायालय से घर तक पहुंचा विवाद

जानकारी के अनुसार, गांव होशदारपुर गढ़ी निवासी सोनू का गांव के ही देवेंद्र, उसके पुत्र मोहित और राहुल के साथ लंबे समय से अदालत में विवाद चल रहा है। 27 अगस्त को सोनू जब हापुड़ स्थित जेएम फर्स्ट कोर्ट में पेशी पर गया तो कचहरी के बाहर मोहित, जो नशे में धुत था, उससे भिड़ गया। उसने गाली-गलौज की और गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया तो मोहित वहां से चला गया।

घर पर पहुंचकर बढ़ाया विवाद

लेकिन थोड़ी ही देर बाद मोहित सोनू के घर पहुंचा और फिर से अभद्रता करते हुए धमकी दी। करीब आधे घंटे बाद उसका पिता देवेंद्र भी पहुंचा और हाथ में तमंचा लहराते हुए हवाई फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग सहम गए। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।


पुलिस की कार्रवाई

बाबूगढ़ थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी मोहित और उसके पिता देवेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन विवाद के चलते क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहता है। पुलिस की कार्रवाई से लोगों को उम्मीद है कि अब इस विवाद पर विराम लगेगा।







Post a Comment

Previous Post Next Post